पोलिंग पार्टियों की रवानगी के लिए बनाए गए काउंटर
- फोटो : अमर उजाला
मैनपुरी। मतदान के लिए मंडी से सोमवार को पोलिंग पार्टियों की रवानगी शुरू होगी। देर शाम तक सभी पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों तक पहुंच जाएंगी। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के लिए भी प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। सुरक्षा की जिम्मेदारी अर्धसैनिक बल के जवानों को सौंपी गई है।
जिले में 1731 बूथों पर 23 अप्रैल को मतदान होगा। इस दौरान सभी बूथों पर एक-एक पोलिंग पार्टी मौजूद रहेगी। नवीन मंडी परिसर से ही ईवीएम, बैलेट यूनिट व वीवीपैट के आवंटन के बाद पोलिंग पार्टी मतदान केंद्र के लिए रवाना होंगी।
वहीं रिजर्व में पोलिंग पार्टियां मंडी में मौजूद रहेंगी। अगर कहीं भी कोई परेशानी आती है, तो रिजर्व पोलिंग पार्टी को भेजा जाएगा। सोमवार को सुबह से ही पोलिंग पार्टियों की रवानगी शुरू हो जाएगी। मतदान के दौरान व्यवस्थाएं देखने के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट व जोनल मजिस्ट्रेट मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते रहेंगे। अगर कहीं भी कोई गड़बड़ी होती है, तो उच्चाधिकारियों को इसकी सूचना दी जाएगी। जो बूथ अतिसंवेदनशील की श्रेणी में रखे गए हैं, उनकी वेबकास्टिंग भी कराई जाएगी। जिला मुख्यालय पर कर्मचारी इसकी मॉनीटरिंग करेंगे।