होटल में पति ने गला दबाकर की पत्नी की हत्या
- फोटो : अमर उजाला
एटा। आगरा निवासी युवक ने शहर के राधेश्याम होटल में पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया है।
आगरा के गोबर चौकी सिद्धार्थ नगर ताजगंज निवासी संजीव उर्फ संजू पुत्र मानसिंह की शादी करीब चौदह साल पहले मिरहची क्षेत्र के वैश्य बढ़ारी निवासी ममता (35) के साथ हुई थी। विगत दो माह से पति पत्नी के बीच अवैध संबंध को लेकर विवाद था। विवाद के चलते उसकी पत्नी काफी दिनों से मायके में रह रही थी। बुधवार को संजू आगरा से एटा आया था, जहां उसने पत्नी को भी फोन करके बुला लिया। इसके बाद पति उसे शहर के राधेश्याम होटल में ले गया, जहां देर रात संजू ने पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी होटल के कमरे में ही रुका। सुबह करीब पौने आठ बजे वह होटल से बाहर निकला और घटना से पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पति को हिरासत में ले लिया। पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि मृतका के रश्मि (11) और चिंकू (7) साल का बेटा है। बेटा अपने बाबा के पास आगरा और बेटी मां के साथ ननिहाल में रह रही है।