मथुरा। सीबीएसई के 12वीं के नतीजों में ललित अग्रवाल ने जनपद में टॉप किया है। श्रीजी बाबा सरस्वती विद्या मंदिर के छात्र ललित ने 98.4 प्रतिशत अंकों के साथ यह उपलब्धि हासिल की है। जिले में दूसरा स्थान रतन लाल फूल कटोरी बालिका विद्यालय की छात्रा परीशा के नाम रहा है। 98.2 प्रतिशत अंकों के साथ उन्हें यह मुकाम प्राप्त हुआ है, जबकि तीसरे स्थान पर वृंदावन हनुमान प्रसाद धानुका मंदिर के अखिलेश पाठक रहे हैं।
शनिवार को दोपहर 12:30 बजे सीबीएसई ने 12वीं का परीक्षा परिणाम घोषित किया था। इंतजार कर रहे छात्र-छात्राएं अपना परिणाम देखते ही झूमने लगे। विद्यालयों में भी छात्र-छात्राएं एक-दूसरे के साथ खुशी बांटने के लिए जुट गए। अधिकांश विद्यालयों में खुशी का माहौल रहा। सभी विद्यालयों ने अपने टॉपरों को बुला लिया था।
हालांकि इस दौरान कम नंबर पाने वाले छात्र-छात्राओं के चेहरों पर मायूसी भी देखी भी गई। जनपद में प्रांशुल गोयल ने श्रीजी बाबा सरस्वती विद्या मंदिर मथुरा से 97.4 प्रतिशत अंकों के साथ चौथा स्थान प्राप्त किया है। शुचिती पणियपाल दिल्ली पब्लिक स्कूल में 97.4 प्रतिशत अंकों के विद्यालय टॉप कर जिले में पांचवें स्थान पर रही हैं।
मोबाइल पर भी देखा गया परिणाम
मथुरा। अबकी बार परीक्षा परिणाम जानने के लिए छात्र-छात्राएं कैफे या फिर विद्यालय नहीं पहुंचे हैं। अधिकांश ने अपना परीक्षा परिणाम मोबाइल पर ही देख लिया। एक-दूसरे का अनुक्रमांक लेकर अंकों की भी पड़ताल की।