क्षेत्र के गांव यादगारपुर में रविवार की रात्रि को एक शादी के दौरान नाश्ते पर बाराती और घराती के बीच झगड़ा हो गया। इस झगड़े ने काफी तूल पकड़ लिया। दोनों पक्षों के लोगों में मारपीट हुई। झगड़ा देखकर दूल्हा फरार हो गया। दूल्हा के फरार होने पर बाराती भी वापस जाने लगे। इसी बीच मामले की जानकारी दुल्हन की मां को मिली और सदमे से उनकी मौत हो गई।
कालीचरन शाक्य की पुत्री का विवाह प्रवीन पुत्र भूदेव ग्राम सौहार थाना मलावन एटा से होना था। सौहार से बारात यादगारपुर पहुंची। सब कुछ सही चल रहा था। रात्रि के समय बारातियों ने शराब पी ली। इसके बाद बाराती नाश्ता करने पहुंचे। नाश्ता करते समय घरातियों से विवाद हो गया और घराती और बाराती के बीच मारपीट होने लगी। काफी हंगामा चलता रहा। इस बीच दूल्हा प्रवीन अचानक गायब हो गया। बाराती और घराती दूल्हे को ढूंढते रहे, लेकिन वह काफी देर तक नहीं मिला। बारात भी झगड़े के बाद वापस होने लगी। यूपी 100 पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन बाराती वापस जा चुके थे। बारात वापस होने की सूचना दुल्हन की मां देववती की तबीयत बिगड़ गई। बताया गया कि देववती को बारात वापस लौटने से गहरा आघात लगा। परिवारीजन उन्हें कासगंज लेकर आए, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। परिवारीजन देववती को मृत अवस्था में यादगारपुर लेकर पहुंचे। खुशी का माहौल गम में तब्दील हो गया। पुलिस को मामले की जानकारी हुई। पुलिस ने देववती के शव का पंचनामा भरके पोस्टमार्टम को भेज दिया। परिजनों ने अभी तक कोई भी तहरीर अमांपुर पुलिस को नहीं दी है।
बताया गया कि वर और वधू दोनों ही पक्षों में समझौता कराने की कोशिशों में सामाजिक लोग जुटे हैं। वे दोनों का विवाह कराने के लिए प्रयास कर रहे थे। थाना प्रभारी पहलवान सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर पुलिस मामला दर्ज करेगी। उन्होंने बताया कि नाश्ते को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुुुआ था।