मैनपुरी। डा. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की परीक्षाओं में जमकर लापरवाही बरती जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा नियुक्ति किए गए स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी परीक्षा केंद्रों पर नजर नहीं आ रहे हैं। वहीं अभी तक उपजिलाधिकारी भी निरीक्षण पर नहीं निकले हैं। डीआईओएस जीएस राजपूत द्वारा परीक्षाओं में नकल रोकने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।
सोमवार को डीआईओएस जीएस राजपूत ने तृतीय पाली में श्री लालाराम डिग्री कालेज रमईहार का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय पाया कि लालाराम डिग्री कालेज का कोई भवन ही नहीं है। लालाराम इंटर कालेज में ही परीक्षा चल रही है। यही नहीं डीआईओएस को निरीक्षण के दौरान यहां इंटर कालेज के शिक्षक ड्यूटी करते मिले। परीक्षाओं में भी डीआईओएस को अव्यवस्थाएं मिलीं। देर शाम डीआईओएस ने डा. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय को इस संबंध में अपनी रिपोर्ट जारी कर दी। सोमवार को सुबह की पाली में बीए तृतीय वर्ष गणित, एमए द्वितीय वर्ष शिक्षा शास्त्र, द्वितीय पाली में बीएससी प्रथम वर्ष जूलोजी, बीए प्रथम वर्ष संस्कृत प्रथम प्रश्रपत्र, तृतीय पाली में बीए द्वितीय वर्ष गृहविज्ञान, बीएससी द्वितीय वर्ष गणित और जूलोजी, एमएससी प्रथम वर्ष बॉटनी और फिजिक्स की परीक्षा आयोजित कराई गई।
मैनपुरी। जनपद में 30 से अधिक डिग्री कालेज ऐसे हैं जिनके पास खुद के भवन नहीं है। इंटर कालेज में ही डिग्री कालेज संचालित हो रहे हैं। विश्वविद्यालय ने मान्यता देने में लापरवाही की है। यही कारण है कि अब परीक्षाओं के समय इंटर कालेजों में ही परीक्षाएं संचालित कराई जा रही हैं और इंटर कालेज के ही शिक्षक परीक्षा ड्यूटी दे रहे हैं।