मैनपुरी। ठेले पर महिला की मौत मामले की जांच के लिए सीएमओ ने तीन सदस्यीय जांच टीम का गठन किया है। जांच टीम ने जिला अस्पताल पहुंचकर महिला के संबंध में इमरजेंसी में तैनात रहे कर्मचारियों से पूछताछ की। इससे पहले डीएम और सीएमएस की गठित टीमें इस मामले की जांच रिपोर्ट डीएम को सौंप चुकी हैं।
सीएमओ डॉ. अरविंद गुप्ता ने एसीएमओ डॉ. राजीव राय, जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ. सीएम यादव, सीएमएस जिला अस्पताल डॉ. आरके सागर के रूप में तीन सदस्यीय टीम का गठन किया है। यह टीम ठेले पर महिला की मौत तथा एंबुलेंस और शव वाहन न उपलब्ध कराए जाने के संबंध जांच करेंगी।
शुक्रवार को जिला अस्पताल पहुंची टीम ने महिला की मौत के समय इमरजेंसी में तैनात रहे कर्मचारियों से पूछताछ की। शुक्रवार को डॉ. गौरांग गुप्ता अवकाश पर थे इसलिए उनसे बात नहीं हो सकी। दो अन्य कर्मचारियों से भी टीम की अभी बात नहीं हो सकी है। शनिवार को उनसे बात होने की संभावना है। टीम अपनी रिपोर्ट शनिवार को सीएमओ को सौंपेगी।
शिवराम के परिजनों से भी हुई पूछताछ
जिला अस्पताल में जुगाड़ गाड़ी पर पहुंचा मरीज शिवराम सिंह जिला अस्पताल में ही उपचार ले रहा है। इस मामले में भी जिलाधिकारी के निर्देश पर जांच शुरू हो गई है। शुक्रवार को जिला अस्पताल में भर्ती शिवराम के परिजनों से एंबुलेंस के जिला प्रभारी और सीएमएस ने जानकारी जुटाई। शिवराम की पत्नी मीरादेवी ने बताया कि उससे दो लोगों ने पूछताछ की है। उसने बताया कि उसने अपने जेठ के पुत्रों से फोन कराया था लेकिन 108 का फोन नहीं लगा।
विभागीय निर्देशों पर तीन सदस्यीय टीम जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट मिलते ही विभाग को अवगत करा दिया जाएगा।
- डा. अरविंद गुप्ता, सीएमओ