मैनपुरी। बदहाल स्वास्थ्य सेवाएं पटरी पर नहीं लौट पा रही हैं। दो दिन पहले समय पर उपचार न मिलने के कारण महिला की मौत हो गई थी। गुरुवार को भी एंबुलेंस 108 पर जब फोन नहीं लगा तो मरीज को परिजन जुगाड़ पर लेकर जिला अस्पताल पहुंचे।
बिछवां थाना क्षेत्र के गांव रूपपुर निवासी 45 वर्षीय शिवराम पुत्र अहिवरन सिंह को सांस की दिक्कत है। वे पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे हैं। गुरुवार को अचानक उनकी हालत बिगड़ गई तो उनके भाई पप्पू ने एंबुलेंस के लिए 108 नंबर डायल किया। उसके अनुसार एक बार नहीं चार बार नंबर लगाया गया, लेकिन फोन नहीं लगा। इसके बाद वे गांव के रामू के पास गए।
रामू मोटर साइकिल में हथठेला लगाकर जुगाड़ वाहन चलाता है। परिजन इसी जुगाड़ वाहन पर लिटाकर शिवराम को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। आठ किलोमीटर के रास्ते को जुगाड़ वाहन से ही शिवराम और उसकी पत्नी तथा भाइयों ने तय किया। इस दौरान उन्हें किसी हादसे का डर भी सताता रहा। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने शिवराम को भर्ती करने के बाद उसका उपचार शुरू कर दिया है।