कुसमरा। रामनगर मार्ग पर शुक्रवार शाम एक डग्गामार बस गांव जवापुर स्थित एक घर में घुस गई। इसकी चपेट में आकर तीन लोग घायल हो गए। गंभीर हालत में एक वृद्ध को जिला अस्पताल भेजा गया।
घटना से आक्रोशित लोगों ने बस में तोड़फोड़ कर दी। सूचना मिलने के बाद पहुंची थाना पुलिस को भी खदेड़ दिया। ग्रामीणों के जाम लगाने की सूचना मिलने के बाद कई थानों का फोर्स पहुंच गया। काफी देर बाद ग्रामीणों ने अधिकारियों के समझाने के बाद जाम को खोल दिया।
थाना किशनी क्षेत्र में कुसमरा रामनगर मार्ग स्थित गांव जवापुर निवासी विष्णुदयाल के पुत्र सचिन की बारात शनिवार को जानी है। शुक्रवार की शाम घर के बाहर ही टेंट लगाकर मंडप की रस्म कार्यक्रम चल रहा था। रिश्तेदार व गांव के लोग वहां मौजूद थे।
शाम करीब 7:30 बजे सौरिंख जाने वाली एक डग्गामार बस अचानक अनियंत्रित होकर घर के बाहर लगे टैंट को तोड़ती घर में जा घुसी। बस की चपेट में आकर आयोजन में शामिल होने आए कन्नौज के थाना सौंरिंख क्षेत्र के गांव शंकरपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं कई बाइकें भी बस के नीचे दब गईं। दो अन्य लोग भी चपेट में आकर जख्मी हो गए। आनन-फानन में वृद्ध को जिला अस्पताल भेजा गया। उधर आक्रोशित ग्रामीणों ने बस पर पत्थरबाजी करते हुए तोड़फोड़ करना शुरू कर दिया। इस बीच चालक व बस में सवार सात से आठ सवारियां उतर कर भाग गईं। हादसे की सूचना मिलने के बाद जब थाना पुलिस पहुंची तो उसे भी आक्रोशित ग्रामीणों ने खदेड़ दिया।
सीओ भोगांव परमानंद पांडेय कई थानों के फोर्स के साथ पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने जाम लगा दिया। काफी समझाने बुझाने के बाद भी जाम खोलने को तैयार नहीं हुए। इस दौरान पुलिसकर्मियों से झड़प भी हुई। वहीं बताया गया कि घायल की जिला अस्पताल में मौत हो गई है। मगर जब पुलिस ने जानकारी की तो यह मौत की खबर झूठी निकली। पुलिस ने काफी देर प्रयास के बाद ग्रामीणों को समझा कर जाम खुलवा दिया।