मथुरा। हाईवे पर शुक्रवार शाम जयगुरुदेव मंदिर से आगे ट्रोला की टक्कर से बाइक सवार वृद्ध दंपति की मौत हो गई। वह वृंदावन से आगरा की लिए निकले थे। मोबाइल में सेव नंबर के आधार पर पुलिस ने परिजनों को खबर दी। वह बिना हेलमेट के बाइक चला रहे थे।
वृंदावन के ओमेक्स निवासी नरेंद्र कुमार शर्मा (64) अपनी पत्नी अंजू शर्मा के साथ शुक्रवार शाम बाइक से आगरा के लिए निकले थे। शाम चार बजे हाईवे स्थित जयगुरुदेव मंदिर से कुछ ही आगे पहुंचे थे कि पीछे से आ रहा ट्रोला उनकी बाइक से टकरा गया। बाइक सवार दंपति की मौके पर ही मौत हो गई। मौका पाकर ट्रोला छोड़कर चालक भाग खड़ा हुआ।
सूचना पर पहुंची हाईवे पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मौके से मिला मोबाइल टूट गया था, लेकिन पुलिस ने उसका सिम दूसरे मोबाइल में डालकर मृतक के रिश्तेदारों को फोन किए। प्रभारी निरीक्षक गिरीश चंद तिवारी ने बताया कि मृतकों के परिजन मथुरा के लिए चल दिए हैं। ट्रोला कब्जे में ले लिया है।