मथुरा। गुरुग्राम में रहने वाली दो बच्चों की मां अपने नाबालिग भतीजे के साथ घर छोड़ कर चली आई। दोनों ने घर छोड़ कर अपनी अलग दुनिया बसाने का निर्णय कर लिया था। इसकी भनक दोनों के परिजनों को लगी तो उन्हें मथुरा जंक्शन पर ट्रेन में सवार होने से पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी।
रविवार की शाम जंक्शन रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म सात पर खड़ी एक महिला और किशोर को कुछ लोग पीटने लगे। महिला और किशोर को इस तरह पीटे जाने का पता जब जीआरपी को चला तो सिपाही वहां पहुंच गए। सभी को थाने लाया गया। थाने में मौजूद अधिकारी समरपाल ने मामले को जाना तो पता चला कि महिला अपने नाबालिग भतीजे को लेकर जा रही थी।
महिला अपने दो बच्चों को घर पर ही छोड़ आई है। परिजन दोनों की तलाश में जुटे थे। जीआरपी प्रभारी निरीक्षक गौरव सक्सेना ने बताया कि मामला पारिवारिक था। चाची नाबालिग भतीजे के साथ घर छोड़ आई थी। दोनाें गुरुग्राम के रहने वाले हैं। दोनों पहले मथुरा आए अब यहां से कासगंज की ओर जाने वाले थे। किसी भी पक्ष ने इस मामले में तहरीर नहीं दी। महिला को उसका पति अपने साथ ले गया। किशोर को परिजनों के हवाले कर दिया गया है।