विकास भवन में मंगलवार को महिला अधिकारी और चतुर्थ श्रेणी महिला कर्मचारी में तीखी नोकझोंक हो गई। आरोप है कि इस दौरान अधिकारी ने उसे मारने के लिए डंडा तक उठा लिया। वहीं महिला चतुर्थ श्रेणी का रो-रोकर बुरा हाल है।
विकास भवन में एक महिला चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की नियुक्ति मृतक आश्रित में हुई है। चतुर्थ श्रेणी महिला का आरोप है कि महिला अधिकारी ने उसे परेशान कर रखा है। साथ ही उसे दो महीने से हाजिरी भी नहीं लगाने दे रही हैं। उसने आरोप लगाया कि मंगलवार को जब वह ड्यूटी पर आई तो कार्यालय में घुसने के दौरान ही महिला अधिकारी ने हाथ में डंडा ले लिया और मारने के लिए कार्यालय गेट के बाहर आ गई।
मामले को तूल पकड़ता देख अन्य लोगों ने मामले को शांत कराया। महिला कर्मचारी के खिलाफ किसी पड़ोसी युवक ने आरटीआई के तहत पति के विरुद्ध निजी सूचना मांगी। इसको लेकर महिला अधिकारी और कर्मचारी के बीच अनबन चल रही थी। वहीं, अन्य कर्मचारियों का कहना है कि महिला अधिकारी आए दिन महिला कर्मचारी को किसी न किसी बात को लेकर परेशान करती रहती हैं। इससे महिला कर्मचारी का नौकरी करना मुश्किल होता जा रहा है।