वृंदावन (मथुरा)। कृष्ण कृपा धाम में चल रहे हरियाणा युवा रेडक्रॉस प्रशिक्षण शिविर में रविवार को नेत्रहीन मुस्लिम बच्चियों ने सस्वर गीता पाठ कर श्रोताओं को अभिभूत कर दिया। जब इन बच्चियों ने गीता पाठ शुरू किया तो पूरे सभागार में शांति छा गई और सभी ने खड़े होकर तालियां बजाकर बच्चियों का अभिवादन किया।
शिविर में साजिदा और शशि ने राधारानी दे दो ना बांसुरी मेरी.. भजन प्रस्तुत किया। वहीं, गीतापाठ करने वाली नेत्रहीन साजिदा, राफिया, मुमताज आदि ने कहा कि उन्हें बड़ा आश्चर्य होता है कि लोग धर्म, जाति और संप्रदाय के नाम पर झगड़ते है। उन्होंने कहा कि गीता के श्लोकों में श्रेष्ठ जीवन पद्धति के सूत्र समाहित है। इसके ज्ञान से कोई भी व्यक्ति अपनी जिंदगी को खूबसूरत बना सकता है। उन्होंने बताया कि वे सभी नेत्रहीन बच्चियां ब्रेल लिपि की गीता पढ़ती है। सभी बच्चियां हरियाणा से आईं थीं।
नेशनल ऐसोसिएशन फोर द ब्लाइंड की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुषमा गुप्ता ने बताया कि हमारा प्रयास है कि ऐसे सभी बच्चे जाति और धर्म से ऊपर उठकर राष्ट्रवादी बनें। इस अवसर पर मुकेश कौशिक, वासुदेव महाराज, डीआर शर्मा, एससी कुश, तरुण गुप्ता, प्रमोद गुप्ता, रोहित शर्मा, हेमचंद्र यादव, पुरुषोत्तम सैनी, टेकचंद्र उपस्थित थे।