कोसीकलां (मथुरा)। बुआ से मिलने आए पार्टनर के साथ शनिवार की रात दिल्ली से कोसीकलां पहुंचे व्यवसायी का शव रविवार को सहार चौकी क्षेत्र में आगरा कैनाल में उतराता मिला। उसकी कार का कोई पता नहीं चला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
इंस्पेक्टर रवि त्यागी ने बताया कि दिल्ली के शाहदरा निवासी उमेश गोयल शनिवार की रात बाईपास पर रहने वाली उनकी बुआ से मिलने कार से आए थे। उमेश के साथ उनका पार्टनर प्रवीन (30) पुत्र उदयराम भी आया था। यह दोनों लोग दिल्ली में प्लास्टिक के दाने का कारोबार करते थे।
प्रवीन को कार में बैठा छोड़कर उमेश अपनी बुआ से मिलने चला गया। उमेश 10 मिनट बाद लौटा तो प्रवीन कार सहित लापता था। प्रवीन का मोबाइल भी स्विच ऑफ था। इसकी जानकारी होने पर प्रवीन के परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
उधर, प्रवीन का शव रविवार को बरसाना थाना क्षेत्र की सहार पुलिस चौकी के अर्न्तगत आगरा कैनाल में मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव की शनाख्त प्रवीन के परिजनों ने कर ली है। पुलिस के अनुसार शव पर चोट के कोई निशान नहीं हैं।
मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता लग सकेगा। फिलहाल प्रवीन की कार का कुछ पता नहीं चला है। इंस्पेक्टर ने बताया कि प्रवीन की हत्या के पीछे पार्टनरों का विवाद भी हो सकता है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। वहीं, प्रवीन के अपहरण के बाद उसकी हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता है।