मथुरा। श्रीकृष्ण जन्म भूमि प्रांगण के भागवत भवन स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में 17 जून से विभिन्न अनुष्ठानों के साथ भगवान जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव प्रारंभ होगी। महोत्सव के अंतर्गत सोमवार को भगवान जगन्नाथ को सहस्त्रधारा स्नान कराया जाएगा।
श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के मुख्य अधिशाषी अधिकारी राजीव श्रीवास्तव ने बताया कि वैदिक मान्यताओं के अनुरूप ही 17 जून को ज्येष्ठ शुक्ल पूर्णिमा की शाम भगवान जगन्नाथ जी की स्नान यात्रा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।
इस महोत्सव में वैदिक मंत्रोच्चारण के मध्य विधि विधान से भगवान जगन्नाथ को सहस्त्रधारा स्नान कराया जाएगा। मान्यताओं के अनुसार भगवान जगन्नाथ को अधिक स्नान कराए जाने से उन्हें बुखार हो जाता है।
भगवान के अस्वस्थ होने की मान्यताओं के चलते श्रद्धालुओं को अगले 15 दिनों तक अपने आराध्य के दर्शन सुलभ नहीं हो सकेंगे। इस अदृश्य अवधि में भगवान जगन्नाथ जी का जड़ी बूटियों, औषधियों से उपचार कराया जाएगा। 4 जुलाई को भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहिन सुभद्रा के साथ रथ में विराजमान होकर नगर भ्रमण को निकलेंगे।