मैनपुरी-भोगांव। अहिरवा में भूमि घोटाले में पुलिस ने रविवार को आरोपी लेखपालों की संपत्ति कुर्क करने की कवायद शुरू कर दी है। दो दिनों में मामले में आरोपी दो लेखपालों के घर की कुर्की कर ली गई। गिरफ्तारी न होने पर पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर शनिवार को लेखपाल प्रदीपेंद्र यादव के घर की कुर्की कर ली थी। वहीं रविवार को पुलिस ने एक अन्य आरोपी लेखपाल जयदीप सिंह निवासी श्याम नगर मैनपुरी के घर के सामान की कुर्की की है। भोगांव पुलिस ने आरोपी के घर पहुंचकर माल जब्त कर लिया। क्षेत्राधिकारी प्रयांक जैन ने बताया कि न्यायालय के आदेश के बाद दो लेखपालों के घरों से सामान कुर्क किया जा चुका है। जबकि आवास विकास मैनपुरी निवासी लेखपाल सुरेंद्र सिंह व करहल के ग्राम राजपुर निवासी बृजेंद्र पांडेय के आवास पर कुर्की वारंट चस्पा कर दिए गए हैं।
ग्राम पंचायत अहिरवा में प्रधान रत्ना सिंह चौहान की शिकायत पर तत्कालीन जिलाधिकारी द्वारा जांच के बाद अहिरवा में लगभग एक हजार बीघा भूमि का फर्जीवाड़ा सामने आया था। मामले में तहसीलदार अनिल कुमार कटियार ने 9 सितंबर 2018 को छह लेखपालों व एक रिटायर्ड रजिस्ट्रार कानूनगो राधेश्याम शाक्य सहित लगभग 50 लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पूरे प्रकरण में दो लेखपाल जेल में निरुद्ध चल रहे हैं। वहीं, फरार चल रहे लेखपालों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।