टूंडला। कानपुर रेलखंड पर संगम एक्सप्रेस का इंजन तकनीकी कमी आने के चलते खराब हो गया। इसके चलते ट्रेन अप रेलट्रैक पर ढाई घंटे तक खड़ी रही। पूर्वा एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें इस घटना के चलते प्रभावित रहीं।
घटना गुरुवार मध्य रात्रि 1.30 बजे की है। इलाहाबाद से चलकर देहरादून जा रही 14163 संगम एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से रवाना हुई थी। ट्रेन इटावा रेलवे स्टेशन के समीप पहुंची, तभी अचानक उसके इंजन में खराबी आ गई।
रेल चालक ने इंजन को सही कराने का प्रयास किया, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। तब चालक ने घटना की जानकारी मुख्य नियंत्रण कक्ष टूंडला को दी। रेल अधिकारियों ने मालगाड़ी का इंजन लगाकर ट्रेन को चलाने के निर्देश दिए। शुक्रवार अल सुबह चार बजे ट्रेन में मालगाड़ी का इंजन लगाकर रवाना किया गया। इस घटना के चलते पूर्वा एक्सप्रेस सहित लगभग आधा दर्जन ट्रेनें प्रभावित रहीं।