मैनपुरी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर लोगों ने नारी शक्ति को नमन किया। संस्थानों व स्वयंसेवियों ने कार्यक्रमों का आयोजन कर महिलाओं को सम्मानित किया। विकास भवन में महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का प्रसारण देखा।
प्रसारण के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि नए भारत के निर्माण में देश की महिलाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। हमारे देश की बेटियों ने हर क्षेत्र में नाम रोशन किया है। आज देश की बेटी फाइटर प्लेन से लेकर ट्रेन तक चला रही हैं। उन्होंने नारी शक्ति को नमन करते हुए कहा कि आज नारी किसी से पीछे नहीं है।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी पीके उपाध्याय ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार महिलाओं के उत्थान के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। महिला सशक्तिकरण की दिशा में बेहतर कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की बेहतर सोच के लिए उनकी प्रशंसा की। मुख्य विकास अधिकारी कपिल सिंह ने भी महिलाओं से कभी न झुकने की अपील की।
इस दौरान परियोजना निदेशक एससी मिश्र, प्रोबेशन अधिकारी राम सकल मौर्य, डीसी एनआरएलएम रंजीत सिंह, बाल संरक्षण अधिकारी अलका मिश्रा मौजूद रहीं। किशनी ब्लाक सभागार में भी महिलाओं ने प्रधानमंत्री के भाषण का प्रसारण देखा। कार्यक्रम में बीडीओ गणेश प्रसाद, लोक कल्याण मित्र कमलकांत, स्वंय सहायता समूह की लक्ष्मी, साधना, नीलकमल, दुर्गेश आदि मौजूद रहीं।
शहर के डॉ. किरन सौजिया एकेडमी में महिला दिवस पर शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया। प्रबंध निदेशक अशोक यादव ने सभी शिक्षिकाओं को उपहार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह दिवस हमें ऐसा मौका देता है जब हमें महिलाओं द्वारा अर्जित की गई उपलब्धियों की सराहना करनी चाहिए।
आज महिलाएं पुलिस, सेना, वायुसेना, राजनीति के साथ-साथ सभी क्षेत्रों में अपनी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं, लेकिन जहां महिलाओं की उपलब्धियां हमारा सिर ऊंचा करती हैं तो वहीं महिलाओं पर होने वाले अत्याचार व उनकी पीड़ा हमारा सिर शर्म से नीचे झुकाती हैं। इसलिए आज का ये दिन संकल्प लेने का दिन है कि हम महिलाओं के साथ अन्याय नहीं होने देंगे।
नेहरू युवा केंद्र द्वारा राजकुमार सिंह महाविद्यालय भवानीपुर में छात्राओं को सम्मानित किया गया। प्राचार्य रघुवीर सिंह ने शिक्षकों के साथ छात्राओं को सम्मानित किया। इस दौरान अरविंद कुमार, तृप्ती पांडेय, दीक्षा, प्रीती, संगीता, शीलू, खुशबू, दीहप्ती, प्रियंका आदि मौजूद रहीं।
शहर के खरगजीत नगर में महिला जागरण मंच के बैनर तले महिला दिवस पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें नारी शक्ति का गुणगान किया गया। सचिव सीमा शुक्ला ने कहा कि आज नारी ने विश्व पटल पर अपनी शक्ति का प्रदर्शन कर दिया है। हर क्षेत्र में महिलाएं बेहतर से बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। गोष्ठी में तारा देवी, संजू शर्मा, गीता दुबे, सरिता चौहान, सोनी मिश्रा, मीनू गुप्ता, पूनब दुबे, अलका पांडेय आदि ने भी विचार व्यक्त किए।
वहीं अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के महिला प्रकोष्ठ ने भी गायत्री मंदिर में गोष्ठी व सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। अध्यक्ष कुसुम आर्या ने सभी महिलाओं को तिलक लगाया। उन्होंने कहा कि नारी हमेशा से ही सर्वशक्तिमान रही है। इस दौरान बीके अवंती, किरन चतुर्वेदी, विमला सक्सेना, बीना कुलश्रेष्ठ, कल्पना सक्सेना, डॉ. आशा सक्सेना आदि मौजूद रहीं।