मैनपुरी। प्रधानमंत्री कृषि सम्मान निधि के लिए अब किसान फरवरी के अंत तक फॉर्म भर सकेंगे। किसानों की परेशानी को देखते हुए समय सीमा में राहत दी गई है। वहीं कृषि विभाग के कर्मचारी दिन रात किसानों का डाटा फीड करने में लगे हुए हैं। प्रधानमंत्री कृषि सम्मान निधि योजना के तहत दो हेक्टेयर से कम जमीन वाले किसानों को सालाना छह हजार रुपये देने हैं।
दो हजार रुपये की प्रथम किस्त मार्च के पहले सप्ताह में ही किसानों के खाते में भेजी जानी है। इसके लिए लेखपाल किसानों से फॉर्म भरवाकर कृषि विभाग में जमा कर रहे हैं। यहां से शासन की वेबसाइट पर किसानों का डाटा फीड किया जा रहा है। लेकिन अब तक इसके लिए किसानों को 20 फरवरी तक का समय दिया गया था। अब ये समय बढ़ा दिया गया है।
इसके चलते अब किसान 28 फरवरी तक लेखपालों को अपने आवेदन पत्र भरकर दे सकेंगे। लेखपाल सत्यापन के बाद ये आवेदन कृषि विभाग में जमा करेंगे। जहां से दो मार्च तक इन्हें वेबसाइट पर फीड किया जाना है। इसके लिए कृषि विभाग के अलावा अन्य विभागों के लगभग दो सौ कर्मचारी दिन रात फीडिंग के काम में लगे हुए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा 1.50 लाख से अधिक किसानों का डाटा शासन की वेबसाइट पर ऑनलाइन फीड किया जा चुका है। अधिकारियों का कहना है कि जिले के सभी किसानों का डाटा फीड कराने के लिए तहसीलों पर भी कार्य चल रहा है। इसके अलावा विकास भवन, इंजीनियरिंग कॉलेज व राजकीय इंटर कॉलेज में भी फीडिंग की जा रही है।
लेखपालों द्वारा किसानों से आवेदन लिए जा रहे हैं। दो मार्च तक हर हाल में सभी किसानों का डाटा वेबसाइट पर फीड कर दिया जाएगा।
-डॉ. गगनदीप सिंह, जिला कृषि अधिकारी, मैनपुरी।