गोवर्धन (मथुरा)। गिरिराजजी की परिक्रमा मार्ग के सुंदरीकरण एवं सरंक्षण को लेकर एनजीटी के दिशा निर्देशों को लेकर मंडलायुक्त अनिल कुमार ने निरीक्षण किया। उन्होंने गिरिराज परिक्रमा का न्यायालय से मिले आदेशों के अनुपालन में बिंदुवार निरीक्षण किया। बुधवार को एनजीटी में जवाब दाखिल करना है।
गौरतलब है कि गिरिराज जी की परिक्रमा को लेकर एनजीटी ने 17 बिंदुओं की गाइड लाइन जारी की है। इसमें प्रशासन को समय रहते पूरा करना है। इसके लिए प्रशासन लगातार कार्रवाई करने में जुटा है। इसी क्रम में मंडलायुक्त अनिल कुमार ने थाना प्रांगण में डीएम व अन्य अधिकारियों के साथ परिक्रमा के विकास एवं अन्य कार्यों को लेकर बैठक की। बैठक के बाद गिरिराज दानघाटी मंदिर के सामने बनी दुकानों का निरीक्षण किया।
इन दुकानों के पिछले भाग को अतिक्रमण में मानते हुए प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया है। जबकि दानघाटी मंदिर के प्रबंधक से दानघाटी मंदिर के दूध के निस्तारण के लिए टैंक को गिरिराज पर्वत की सीमा से पचास मीटर दूरी पर बनाने को कहा है। परिक्रमा मार्ग के गया प्रसाद समाधि स्थल का निरीक्षण किया। जतीपुरा में गिरिराज जी के चढ़ने वाले दूध के बने टैंक व चबूतरे का निरीक्षण किया।
मंडलायुक्त ने गोवर्धन तहसील परिसर में पहुंचकर अधिकारियों के साथ मंथन किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी सर्वज्ञराम मिश्र, एसएसपी बबलू कुमार, सहायक कमिश्नर एके यादव, एडीएम वित्त एवं राजस्व रवींद्र कुमार, एसडीएम गोवर्धन नागेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
एनजीटी में आज होगी सुनवाई
एनजीटी में गिरिराजजी परिक्रमा एवं सुंदरीकरण को लेकर 19 सितंबर को सुनवाई होगी। 17 सितंबर को भी इस मामले पर सुनवाई हुई थी।