मैनपुरी। जिले के नौनेर क्षेत्र में 100 बीघा जमीन पर राइस मिल हब सेंटर बनेगा। जनपद के किसानों को लाभ होगा साथ ही युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। गंभीर रूप से बीमार लोगों को बड़े अस्पतालों में भेजने के लिए दो लाइफ सपोर्ट वेंटिलेटर युक्त एंबुलेंस जिले को मिलेंगी। यह बातें प्रभारी मंत्री गिरीशचंद्र यादव ने कहीं।
विकास भवन में शनिवार को उन्होंने पत्रकारों से कहा आगामी चार सालों में प्रदेश की तस्वीर बदलेगी। प्रदेश सरकार ने उद्यमियों को पलायन रोककर उनके बीच भरोसा पैदा किया है। देश के उद्योगपति प्रदेश में निवेश करने को तैयार हैं। प्रदेश सरकार का लक्ष्य है प्राथमिक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों की उपलब्धता और पर्याप्त मात्रा में दवाएं मौजूद रहें। प्रदेश सरकार ने खनन माफियाओं पर शिकंजा कसा है।
बिना किसी भेदभाव के जिला मुख्यालय पर 24 घंटे, तहसील स्तर पर 20 घंटे एवं ग्रामीण क्षेत्र में 18 घंटे विद्युत आपूर्ति दी जा रही है। प्रदेश में पहली बार प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों को कॉवेंट स्तर की सुविधाएं उपलब्ध करायी गई हैं। प्राथमिक विद्यालय का कोई छात्र जमीन पर नहीं बैठेगा। सभी विद्यालयों में मेज कुर्सी की व्यवस्था होगी। विधायक भोगांव रामनरेश अग्निहोत्री, जिलाध्यक्ष आलोक गुप्ता, प्रेम सिंह शाक्य मौजूद रहे।