मैनपुरी। साक्षर भारत मिशन योजना के तहत जिले में कार्य करने वाले 924 प्रेरकों और 10 समन्वयकों को बड़ी राहत मिली है। 31 दिसंबर को बंद की गई योजना को अब 31 मार्च तक बढ़ा दिया गया है। योजना के बढ़ने से प्रेरकों ने राहत की सांस ली है।
साक्षर भारत मिशन योजना का जिले में वर्ष 2012 में शुभारंभ किया गया था। योजना के तहत तत्कालीन 503 ग्राम पंचायतों में से 472 ग्राम पंचायतों में लोक शिक्षा केंद्र स्थापित किए गए थे। इन पर 924 प्रेेेेेेेेेेेेेेेेरकों की तैनाती की गई थी। योजना 31 दिसंबर के बाद बंद कर दी गई थी। जिसके बाद प्रेरकों तथा योजना में लगे 10 समन्वयकों का भविष्य चौपट हो गया था।
फिलहाल उत्तर प्रदेश शासन के विशेष सचिव देव प्रताप सिंह ने योजना को 31 मार्च तक जारी रखने के निर्देश बीएसए को दिए हैं। वहीं शिक्षा विभाग के सूत्रों की मानें तो योजना आगे भी संचालित रहेगी। सचिव के निर्देश के बाद निदेशक साक्षरता अमर नाथ वर्मा ने भी बेसिक शिक्षाधिकारियों को योजना को 31 मार्च तक संचालित रखने और 25 मार्च को होने वाली परीक्षा की तैयारियां कराने के निर्देश दिए हैं। शासन के इस निर्णय के बाद प्रेरकों तथा समन्वयकों ने खुशी जाहिर की है।
वर्तमान में जनपद में 60 हजार नव साक्षरों का प्रशिक्षण चल रहा था। जिनकी 25 मार्च को परीक्षा होनी है। इसी परीक्षा को देखते हुए विभाग ने योजना को आगे बढ़ाया है। योजना पुन: शुरू होने से परीक्षा को लेकर बन रही संदेश की स्थिति समाप्त हो गई। बीएसए विजय प्रताप सिंह ने बताया कि योजना को बढ़ाने संबंधित निदेशक का पत्र मिल गया है।