फिरोजाबाद। घर से कासगंज जाने की कहकर निकले युवक का शव थाना लाइनपार के रूपसपुर रेलवे फाटक के पास पड़ा मिला। युवक की अज्ञात ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। जिला अस्पताल में परिजनों ने शव की शिनाख्त की और पोस्टमार्टम के बाद शव को घर ले गए।
थाना उत्तर के मोहल्ला संतोषनगर निवासी उदयवीर सिंह का 25 वर्षीय बेटा मोहित कुमार शुक्रवार को घर से कासगंज जाने की कहकर निकला था। देर शाम तक नहीं लौटने पर परिजनों को काफी चिंता हुई। उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
इधर थाना लाइनपार के रूपसपुर फाटक के समीप एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। एसओ लाइनपार संजय सिंह फोर्स के साथ पहुंच गए। उन्होंने शव को कब्जे में लेने के साथ जिला अस्पताल भेजा। परिवारीजनों ने जिला अस्पताल में शव की शिनाख्त मोहित कुमार के रूप में की।
शिनाख्त होने के साथ ही परिवार में कोहराम मच गया। पिता उदयवीर ने कहा बेटा कासगंज जाने की कहकर घर के निकला था। लेकिन लाइन पार के रूपसपुर फाटक के पास कैसे पहुंचा खुद अचंभित हूं। एसओ संजय सिंह ने कहा मोहित की मौत किसी अज्ञात ट्रेन की चपेट में आने से हुई है।
थाना नारखी के गढ़ी छत्रपति निवासी श्रीकिशन (26) पुत्र जगदीश घर से ननिहाल जाने की कहकर निकला था। उसका शव रेलवे लाइन पर पड़ा मिला। श्रीकिशन के शव को जीआरपी फिरोजाबाद पोस्टमार्टम को लाई है। श्रीकिशन की मौत होने से परिवार में कोहराम मच गया।