मथुरा। राजस्व अधिवक्ताओं के गंभीर आरोपों पर तहसीलदार सदर के खिलाफ जांच शुरू हो गई है। गुरुवार को एडीएम वित्त रवींद्र कुमार ने तहसीलदार कार्यालय और तहसीलदार न्यायालय पहुंचकर आरोपों से जुड़ी पत्रावलियों की जांच पड़ताल की।
पिछले दिनों कलक्ट्रेट में अधिवक्ताओं ने तहसीलदार सदर को लेकर हंगामा किया था। डीएम को घेरते हुए तहसीलदार को लेकर गंभीर आरोप लगाए थे। मामले की नजाकत को देखते हुए डीएम ने आरोपों की जांच का जिम्मा एडीएम वित्त को सौंप दिया।
इसके तहत सदर तहसील पहुंचे एडीएम ने पिछले दो माह के दरम्यान अधिवक्ताओं की हड़ताल, नो वर्क और बगैर सुनवाई तिथि में न्यायिक फैसले लिये जाने संबंधी पत्रावलियों को देखा। इनसे जुड़े रिकार्ड भी अपने साथ ले आए। अब इसकी रिपोर्ट एडीएम वित्त डीएम को देंगे।
दो साल से नहीं दिए जनसूचना के जवाब
मथुरा। राज्य सूचना आयुक्त गजेंद्र यादव आठ दिसंबर को मथुरा आ रहे हैं। इस दौरान मुआयना भी करेंगे। इसे देखते हुए एडीएम वित्त रवींद्र कुमार ने सदर में जनसूचना के नोडल अधिकारी तहसीलदार के उपरोक्त पटल से जुड़ी पत्रावलियों को देखा। इसमें करीब 200 से अधिक सूचनाएं उपलब्ध नहीं कराई गई हैं, जो पिछले दो साल के दौरान की हैं।