मथुरा। तारकोल व्यापारी अशोक अग्रवाल की मौत की जांच अब क्राइम ब्रांच करेगी। मृतक व्यापारी के परिजनों के आग्रह पर एसएसपी बबलू कुमार ने यह आदेश कर दिए हैं। एसएसपी ने चौकी प्रभारी को फटकार भी लगाई है।
कोसीकलां की कोटवन चौकी के पीछे तारकोल व्यापारी अशोक अग्रवाल का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। शुरू से ही परिजन हत्या का आरोप लगा रहे थे, पर पुलिस सुइसाइड का मामला बताकर जांच कर रही थी। हालांकि कोर्ट ने साक्ष्य प्रस्तुत न करने पर आरोपी शिवराज और लक्ष्मण को हत्या के मामले में जेल भेज दिया था। बुधवार को एक बार फिर परिजन एसएसपी बबलू कुमार से मिलने पहुंचे।
परिजनों ने एसएसपी से जांच अन्य किसी से कराने की गुहार लगाई थी। परिजनों के आग्रह पर एसएसपी ने जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी है। मृतक के भाई मुकेश अग्रवाल ने बताया कि जांच के लिए परिजन एसएसपी से मिले थे। एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि व्यापारी की मौत की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है।