राया (मथुरा)। सोमवार को राया के सादाबाद रोड पर बाइक सवारों ने ग्रामीण से मारपीट करते हुए 30 हजार रुपये लूट लिए। ग्रामीण बैंक में रकम जमा करने जा रहा था। सूचना पर पहुंची राया पुलिस ने लुटेरों की तलाश की, लेकिन नाकामी हाथ लगी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
थाना राया के नगला हरगोविंद निवासी ओमवीर सिंह सोमवार को राया कसबे की बैंक ऑफ बड़ौदा में 30 हजार रुपये जमा करने पैदल जा रहे थे। बैंक से 100 मीटर की दूरी पर पीछे से आए बाइक सवार दो लुटेरों ने उन्हें रोक लिया और मारपीट कर 30 हजार रुपये लूट लिए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने बैंक और आसपास के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले हैं। पीड़ित ने थाना राया में तहरीर दी है, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं हो सका है। प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार चौधरी का कहना है कि मामला संदिग्ध लग रहा है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।