गोवर्धन (मथुरा) राजस्थान सीमा के गांव पूंछरी के निकट गिरिराज तलहटी में एनजीटी के आदेश के बाद गुरुवार को भरतपुर प्रशासन व निर्माण दायी संस्था हरकत में आ गई है। शुक्रवार को एनजीटी में अपनी जवाबदेही देने से पूर्व गिरिराज जी की बिखरी हुई शिलाओं को एक जगह रखा गया। जहां दो दिन पहले पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा जेसीबी व ट्रैक्टर लगाकर शिलाओं के बीच गहरे-गहरे गड्ढे किए जा रहे थे, वहीं अब विभाग द्वारा मजदूर लगाकर कार्य कराया जा रहा है।
तलहटी की परिक्रमा में ब्रजरज की अनुभूति प्रदान करने के लिए मिट्टी बिछाई गई है। कच्चे परिक्रमा मार्ग में विशेष सफाई कराई गई। दिन भर विभागीय अधिकारी मशक्कत में जुटे रहे। गिरिराज जी की शिलाओं को सम्मान पूर्वक रखे जाने और परिक्रमा मार्ग के विकास की योजना को लेकर भरतपुर प्रशासन को शुक्रवार को एनजीटी न्यायालय बुलाया है। ब्रज विकास के परियोजना अधिकारी आशाराम सैनी ने बताया कि गिरिराज जी भी हमारी आस्था का केंद्र हैं। एनजीटी न्यायालय के आदेशों को पालन किया जाएगा।