फिरोजाबाद। जिला अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों के साथ दलाल हद दर्जे की अभद्रता कर रहे हैं। सोमवार को बच्चे को दिखाने गई महिला और उसके पति के साथ अभद्रता की गई। सीएमएस से शिकायत के बाद भी धमकाया। पीड़ित ने सीएमओ को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
जिला अस्पताल में चिकित्सकों के आसपास दलालों की सक्रियता होने से मरीजों का उपचार नहीं हो रहा। अस्पताल प्रशासन के लोग इस व्यवस्था में सुधार पर ध्यान नहीं दे रहे। थाना रसूलपुर क्षेत्र के हाजीपुरा सैय्यदगंज निवासी रुखसाना बेगम पत्नी रफीउद्दीन अपने बच्चे मुमताज एवं खुशनसीब का उपचार कराने जिला अस्पताल में बालरोग विशेषज्ञ डा.आरए शर्मा के पास आई थीं।
महिला ने सीएमओ को दिए शिकायती पत्र में कहा कि वहां तैनात बबलू नामक कर्मचारी ने 50 रुपया की डिमांड की। पैसा नहीं देने के कारण पर्चा फेंक दिया। विरोध पर गाली गलौज की। आरोप है कि दलाल ने मुझे धक्के मारकर बच्चों के साथ बाहर निकाल दिया। महिला ने पति रफीउद्दीन को बुलाकर सीएमएस डा.आरके पांडेय से शिकायत की। लेकिन बाद में दलाल ने अस्पताल में उपचार नहीं करा पाने की धमकी दी। पीड़ित ने सीएमओ को शिकायती पत्र को देकर कार्रवाई की मांग की है।