फिरोजाबाद। निकाय चुनाव में भाजपा की सुनामी इस कदर चली कि सभी दल बह गए। भाजपा की युवा उम्मीदवार नूतन राठौर ने रिकार्ड 42 हजार से अधिक मतों से जीत हासिल की है। सभी के आकलन ध्वस्त करते हुए एआईएमआईएम प्रत्याशी मशरूर फातिमा दूसरे नंबर पर रहीं। सपा तीसरे और बसपा चौथे नंबर पर रही। वहीं कांग्रेस अपनी जमानत नहीं बचा पाई।
नगर निगम के लिए पहली बार हुए चुनाव में बाजी भाजपा के हाथ लगी है। भाजपा की नूतन राठौर ने इस चुनाव में सभी दलों को काफी पीछे छोड़ते हुए 98928 वोट हासिल किए। दूसरे स्थान पर एआईएमआईएम की प्रत्याशी मशरूर फातिमा रहीं। उन्हें 56536 वोट मिले हैं। सपा की सावित्रीदेवी गुप्ता 45917 वोट पाकर तीसरे स्थान और बसपा की पायल राठौर 41524 वोट पाकर चौथे स्थान पर रहीं। कांग्रेस की शहाजहां परवीन को 13936 वोट मिले हैं। कांग्रेस इस चुनाव में अपनी जमानत नहीं बचा पायी।
भाजपा प्रत्याशी को चौथे राउंड से ही बढ़त मिलना शुरू हो गई थी। एक बार बढ़त मिली तो भाजपा ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। बढ़त के साथ ही नूतन राठौर को बधाइयां मिलना शुरू हो गयीं। मतगणना स्थल पर नूतन राठौर अपने पिता मंगल सिंह राठौर के साथ अंत तक बैठी रहीं। मंगल सिंह एक-एक वोट का जोड लगा रहे थे और नूतन उनकी मदद कर रही थी।
शहर की पहली महापौर का ताज नूतन के सिर बंध गया है। तीस वर्षीय नूतन राठौर एमबीए उर्त्तीण हैं और दिल्ली में एनजीओ चलाती हैं। बेटी की सिर महापौर का ताज बंधा तो पिता मंगल सिंह राठौर के आंखों से खुशी के आसूं झलक उठे। बेटी की सफलता पर वह गदगद थे। जैसे ही नूतन जीत का ताज लेकर मतगणना स्थल से बाहर आयी भारत माता की जय के साथ जयश्रीराम के नारे गूंज उठे। भगवा जैकेट पहने नूतन राठौर ने सभी का आभार जताया।