एटा। निकाय चुनाव को लेकर चल रही नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन आचार संहिता की धज्जियां उड़ती नजर आईं। पालिका अध्यक्ष पद को नामांकन करने पहुंचे एक प्रत्याशी के समर्थकोें ने तहसील परिसर के अंदर जमकर नारेबाजी की। पुलिस ने जबरन भीड़ को रोकते हुए तहसील से हटाया। मामले में अब तक पुलिस की ओर कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
दरअसल, निकाय चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के दौरान शुक्रवार को मारहरा नगर पालिका से राष्ट्रीय उलमा कौंसिल के प्रत्याशी मोहम्मद राशिद नामांकन करने के लिए पहुंचे थे। नामांकन के बाद प्रत्याशी जैसे ही बाहर निकले तो समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। तहसील परिसर के अंदर ही प्रत्याशी को मालाएं पहनाने का दौर शुरू हो गया।
इस दौरान परिसर में तैनात पुलिसकर्मियों ने भीड़ को नारेबाजी करने से रोका और परिसर से हटाया। उधर, अधिकारियों को आचार संहिता के उल्लंघन की भनक तक नहीं लगी। एसडीएम ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। जानकारी की जाएगी, अगर ऐसा हुआ है, तो कार्रवाई की जाएगी।
प्रत्याशी ने धार्मिक परिसर से निकाला जुलूस
एटा। नामांकन के अंतिम दिन आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी ने भी आचार संहिता का उल्लंघन किया। प्रत्याशी ने कासगंज रोड स्थित आर्ष गुरुकुल में यज्ञ किया। इसके बाद यहीं से जुलूस निकाला। प्रत्याशी पति मेधाव्रत शास्त्री ने बताया कि गुरुकुल में ही उनका निवास है। जिसे वे निजी संसाधनों से चलाते हैं। चुनाव आयोग के आदेश के मुताबिक किसी भी धार्मिक परिसर को चुनावी कार्य के लिए इस्तेमाल नहीं किया जा सकता है।