आगरा। मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के माइल स्टोन 71 के पास बेकाबू निजी बस डिवाइडर को तोड़ते हुए दूसरी साइड पर जाकर आगरा की ओर जा रही कार से टकरा गई थी। हादसे में पांच लोगों की मौत हुई थी। एक्सप्रेसवे यह कोई पहला हादसा नहीं है। इस साल आगरा की सीमा में यमुना और लखनऊ एक्सप्रेसवे पर 15 हादसों में 14 लोगों की जान जा चुकी है। इससे पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। जरा सी चूक जान पर भारी पड़ रही है।
दो साल पहले एत्मादपुर में बस झरना नाले में जा गिरी थी। इस हादसे में 29 लोगों की जान चली गई थी। इसके अलावा कार, ट्रक के हादसों में लोगों की जान जा चुकी है। यातायात पुलिस से मिले आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी से अक्तूबर तक यमुना एक्सप्रेसवे पर छह हादसे हुए। इनमें चार की मौत हुई। सात गंभीर घायल हुए, जबकि दस मामूली रूप से चोटिल हुए।
वहीं आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर नौ हादसे हुए। इनमें आठ की जान गई, जबकि छह गंभीर घायल हुए। छह मामूली रूप से चोटिल हो गए। प्रभारी एसपी ट्रैफिक सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि एक्सप्रेसवे पर सफर करते समय निर्धारित गति में ही वाहन चलाना चाहिए। अपनी लेन में ही वाहन चलाएं। ओवरटेक करने से बचें। गलत तरीके से टर्न नहीं लेना चाहिए।
- खंदौली क्षेत्र में 22 दिसंबर 2020 को यूटर्न लेते समय कंटेनर से कार टकरा गई थी। इसमें कार सवार पांच लोगों की मौत हुई थी। कार में आग लग गई थी। सभी लखनऊ से दिल्ली जा रहे थे।
- खंदौली में इंटरचेंज के पास एक साल पहले खंभे से बाइक टकरा गई थी। इसमें दो लोगों की मौत हो गई थी।
- यमुना एक्सप्रेस में कैंटीन के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी थी। बाइक सवार की मौत हो गई थी।
- छह महीने पहले तेज गति से आती कार डिवाइडर तोड़कर दूसरी तरफ चली गई थी। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई थी।
- चार महीने पहले टोल प्लाजा खंदौली पर बस टकरा गई थी। इसमें छह लोग घायल हो गए थे।
- सितंबर 2020 में आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे के 34वें माइल स्टोन पर अलवर से लखनऊ जा रहा चूना लदा ट्रक पलटकर खाई में गिर गया था। हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई।
- नवंबर 2020 को 16वें माइल स्टोन पर डिवाइडर से कार टकरा गई। हादसे में एक की मौत हो गई।
- 11 अप्रैल 2019 को माइल स्टोन 33 पर अर्टिगा कार ट्रक में जा घुसी थी। आठ लोगों की मौत हुई थी। सभी इंटरव्यू देने आ रहे थे।
- 21 जनवरी 2020 को माइल स्टोन 33 पर सड़क पार करते समय एक युवक को कार ने चपेट में लिया। युवक की मौत।