आगरा। जिले में गैर मान्यता संचालित स्कूलों बंद कराए जाएंगे। बेसिक शिक्षा विभाग इन स्कूलाें की सूची तैयार करवा रहा है। बिचपुरी ब्लाक में ऐसे करीब 25 स्कूल चिह्नित कर लिए गए हैं।
परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में प्रति वर्ष छात्र संख्या घट रही है। स्कूल चलो अभियान से लेकर बाकी योजनाएं छात्राें की संख्या बढ़ाने में सहयोगी नहीं बन पा रही हैं। विभाग के समक्ष परिषदीय स्कूलों में संख्या बढ़ाने की चुनौती है। हाउस होल्ड सर्वे में आउट ऑफ स्कूल बच्चाें की संख्या महज 1000 से 2000 के बीच ही दिखाई जा रही है। वहीं, परिषदीय स्कूलों में पंजीकरण पिछले कुछ वर्षों से 20 हजार के आसपास घट रही है।
आउट ऑफ स्कूल बच्चाें की संख्या कम होेने का आशय यह लगाया जा रहा है कि बच्चे निजी स्कूलों का रुख कर रहे हैं। बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियाें का मानना है कि गैर मान्यता संचालित स्कूलों के बंद होने पर विद्यार्थी परिषदीय स्कूलों का रुख करेंगे। इससे पंजीकरण बढ़ेगा।
जुलाई में ऐसे स्कूलाें को बंद कराया जाएगा। परिषदीय स्कूलों में छात्राें की संख्या बढ़ाने के लिए स्कूल चलो अभियान भी चलाया जाएगा।
- दिनेश कुमार यादव, बेसिक शिक्षा अधिकारी
वर्षों से नहीं चला है अभियान
गैर मान्यता संचालित स्कूलाें के खिलाफ लंबे समय से अभियान नहीं चला है। बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग में प्रति वर्ष तमाम स्कूलाें की शिकायतें प्राप्त होती हैं। तमाम स्कूलों को पांचवीं तक की मान्यता है, हाईस्कूल और इंटर तक चल रहे हैं। सूरकुटी का मामला कुछ दिन पूर्व सामने आ चुका है। कई स्कूलाें को प्राइमरी स्तर की भी मान्यता नहीं प्राप्त है।