मथुरा। प्रदेश में मथुरा सोमवार को सबसे गर्म जिला रहा। सूरज ने ऐसे शोले उगले कि तापमान बढ़कर 49 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। न घर में चैन मिला और न ही बाहर सुकून। एसी और कूलर तो बेमतलब के हो गए।
इस समय गर्मी अपने प्रचंड रूप में है। मथुरा में तो अब तक के सारे ही रिकार्ड टूट गए हैं। रविवार को 46.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया था। जिसे भी मौसम वैज्ञानिकों ने अब तक सर्वाधिक बताया था।
सोमवार को तो सवेरे से ही आसमान से शोले बरसने लगे। बाहर निकलते ही चक्कर आ रहे थे लोगों को। क्या मुहल्ले और क्या कालोनी, सभी जगह गर्मी का कर्फ्यू सा लगा रहा। बाजारों में तो पूरी तरह से सन्नाटा रहा।
फरह में स्थित केंद्रीय बकरी अनुसंधान केंद्र के मौसम विभाग ने जो रिपोर्ट दी है उसके मुताबिक सोमवार को अनुसंधान केंद्र के आसपास का तापमान 49 डिग्री तक रहा है।
मौसम वैज्ञानिक डा. एम. रामाचंद्रन ने बताया कि यमुना के किनारे के आसपास के इलाके का ये तापमान है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि सोमवार को प्रदेश के जो सबसे गर्म जिले रहे हैं उनमें मथुरा सबसे आगे है। बांदा का तापमान 48 डिग्री था जबकि झांसी और वाराणसी का तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस ही रहा।
माना जा रहा है कि अभी गर्मी और बढ़ सकती है। जब तक बरसात नहीं हो जाती तापमान बढ़ता ही रहेगा। उधर लगातार बढ़ती गर्मी ने जनजीवन को बुरी तरह से प्रभावित कर दिया है। दफ्तरों में नहीं पहुंचे फरियादी
मथुरा। सरकारी दफ्तरों में फरियादी भी अन्य दिनों के मुकाबले कम ही पहुंचे।
जिलाधिकारी और एसएसपी आफिस पर भी कम ही लोग नजर आए। हर जगह गर्मी की ही चर्चा होती रही। विकास भवन और बिजली विभाग के कार्यालयों में फरियादियों की भीड़ आमतौर पर दिख ही जाती है लेकिन सोमवार को कोई नहीं था।