मंडलीय प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की सहभागिता कराने आई शिक्षिका चक्का लगने से घायल हो गई। जिला चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में रेफर किया गया है। शिक्षिका हाथरस जिले के सासनी की रहने वाली है और वहीं तैनात है।
दो दिवसीय मंडलीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन नगला पट्टी स्थिति मिनी स्टेडियम में हुआ। इस प्रतियोगिता में एटा, कासगंज, हाथरस और अलीगढ़ की टीमों ने सहभागिता की। हाथरस के सासनी में तैनात शिक्षिका मुन्नी पाठक भी जिले की टीम लेकर स्टेडियम पर पहुंची थी। दूसरे दिन चक्का फेंक प्रतियोगिता थी। शिक्षिका मैदान में थीं। उसी बीच प्रतियोगी द्वारा फेंका गया चक्का शिक्षिका के मुंह पर आकर लगा जिससे उसके नाक और मुंह में गंभीर चोटें आ गईं। शिक्षिका को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। उसके बाद शिक्षिका को नगला पट्टी स्टेडियम ले जाया गया। यहां विभागीय मदद तो नहीं मिली, लेकिन साथी शिक्षक घायल शिक्षिका को उपचार के लिए हाथरस के निजी अस्पताल में ले गए। विभाग की अनदेखी पर साथी शिक्षकों में आक्रोश भी था। हाथरस की टीम भी समापन होते ही पुरस्कार वितरण से पहले रवाना हो गई। बीएसए अंजली अग्रवाल ने बताया कि एक शिक्षिका के चोट आई। उसे अस्पताल ले जाया गया। उसके बाद साथी शिक्षक उसे हाथरस ले गए।