एटा। गिरौरा स्थित केनरा बैक का एटीएम तोड़ने का प्रयास करने वाले दो आरोपियों को एंटी व्हीकल थैप्ट सेल और कोतवाली देहात पुलिस ने मुठभेड़ करते हुए गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से पुलिस ने लोहे के औजार, तमंचा, बाइक और नशीला पाउडर बरामद किया है।
पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता में एएसपी संजय कुमार ने बताया कि जावड़ा चौकी के पास एंटी व्हीकल थैप्ट सेल और कोतवाली देहात पुलिस मौजूद थी। उसी समय सूचना मिली कि गिरौरा में एटीएम लूट का प्रयास करने वाले कुछ लोग एटा की तरफ जा रहे है। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया।
इस पर बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। इस पर पुलिस ने बचाव करते हुए आरोपी दिलशाद निवासी फूल वाली गली पटियालीगेट, राजवीर निवासी जारथर थाना मिरहची को पकड़ लिया। जबकि टिंकू निवासी रामनगर खंदौली आगरा मौके से फरार हो गया।
इससे पहले घटना के दिन टिंकू के भाई छोटे खां को ग्रामीणों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया था। एएसपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियो के कब्जे से एक बाइक, तमंचा, नशीला पाउडर के साथ ही एटीएम तोड़ने वाले लोहे के काफी औजार बरामद किए हैं।