फिरोजाबाद। शहर की नव निर्वाचित मेयर नूतन राठौर की भाषण कला का भाजपा गुजरात चुनाव में प्रयोग करेगी। नूतन प्रदेश में सबसे कम उम्र की मेयर बनी हैं। युवा चेहरे को भाजपा चुनाव प्रचार के लिए गुजरात में प्रयोग करेगी। मंगलवार को नूतन की दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात होगी। यहां से वे सूरत के लिए रवाना होंगी।
रविवार को लखनऊ में नूतन राठौर की मुलाकात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हुई थी। मंगलवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात होगी। दोपहर को पीएमओ से सूचना मिलने के बाद नूतन अपने पिता मंगल सिंह राठौर के साथ दिल्ली के लिए रवाना हो गईं।
उत्तर प्रदेश भवन में उनके ठहरने की व्यवस्था की गई है। मंगलवार सुबह मोदी से मुलाकात के बाद सुबह साढे़ 11 बजे दिल्ली से उनकी सूरत के लिए फ्लाइट है। दिल्ली से सूरत तक ले जाने की व्यवस्था पार्टी ने की है। बताते हैं कि नूतन की भाषण शैली से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काफी प्रभावित हुए हैं।
युवा चेहरे का प्रयोग गुजरात चुनाव में करने की रणनीति के तहत नूतन को चार दिन के प्रचार के लिए ले जाया जा रहा है। भाजपा गुजरात में बताएगी कि किस तरह चूड़ियों के शहर फिरोजाबाद से मात्र तीस वर्ष की उम्र में नूतन ने सभी दलों की जमानत जब्त कर रिकार्र्ड मतों से जीत हासिल की है।