कासगंज। कस्बे के माल गोदाम चौराहा पर बने मंदिर में मंगलवार की देर रात अनियंत्रित ट्राला घुस गया। इससे मंदिर की दीवार, जाल एवं मंदिर के अंदर शनिदेव महाराज की प्रतिमा क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि हादसा रात में हुआ। दिन में होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
मंगलवार की रात आगरा अछनेरा निवासी परशुराम पुत्र हरीसिंह राजस्थान से गिट्टी से भरा ट्राला बंदायू ले जा रहा था। रात में लगभग साढ़े तीन बजे ट्रक माल गोदाम चौराहा पहुंचा। इसी दौरान अचानक ट्रक अनियंत्रित होकर यहां बने मंदिर में घुस गया। इससे मंदिर की दीवारें टूट गई। मंदिर के अंदर भगवान शनिदेव की प्रतिमा भी क्षतिग्रस्त हो गई। रात्रि में माल गोदाम चौराहा पर तैनात पुलिस कर्मियों ने ट्राला कब्जे में ले लिया। सुबह जब पुजारी और भक्त मंदिर में पूजा के लिए पहुंचे तो मंदिर टूटा देखकर उनमें रोष व्याप्त हो गया। लोगों का कहना था कि यदि दिन में यह हादसा होता तो भक्तों की जान तक जा सकती थी। घटना की तहरीर पुलिस को दी गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक एके सिंह ने बताया कि मंदिर रात में ट्राला की टक्कर से टूटा है। ट्राला को कब्जे ले लिया गया है।