फिरोजाबाद। ग्राम विकास के लिए जारी धनराशि के दुरुपयोग के मामले में एक ग्राम प्रधान कार्रवाई की जद में हैं। डीएम ने प्रधान को कारण बताओ नोटिस जारी कर पंद्रह दिन में स्पष्टीकरण मांगा है।
ब्लॉक फिरोजाबाद की ग्राम पंचायत अहलदादपुर में सीसी निर्माण एवं अन्य विकास कार्यों के लिए एक लाख 79150 रूपए जारी हुए थे। गांव के व्यक्ति में मंडलायुक्त को भेजे शिकायती पत्र में ग्राम प्रधान श्रीलाल पर अनियमित एवं फर्जी बिल बाउचर से धनराशि के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी।
प्रथम दृष्टया विभागीय जांच में मामला संदिग्ध मिलने पर डीएम नेहा शर्मा ने सीवीओ डॉ प्रभंजन शुक्ला से मामले की जांच कराई। जांच में ग्राम विकास को जारी धनराशि के दुरुपयोग की बात सामने आई। जांच रिपोर्ट के आधार पर डीएम ने ग्राम प्रधान श्रीलाल को कारण बताओ नोटिस जारी कर 15 दिन में स्पष्टीकरण मांगा है। अन्यथा की स्थिति में पंचायती राज अधिनियम के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी है।