आसपास के ध्यानार्थ
टूंडला (फिरोजाबाद)। दिल्ली रेलखंड पर नई-दिल्ली-डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस से जलेसर रोड-पोरा रेलवे स्टेशनों के मध्य गुरुवार शाम सांड़ टकराने से काऊगार्ड टूट गया। इससे इंजन फेल हो गया। वहीं कानपुर रेलखंड पर नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस के इंजन खराबी आ गई। मालगाड़ी के इंजनों की सहायता से दोनों ट्रेनें चलाईं गईं। इससे अन्य राजधानी एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें प्रभावित रहीं।
नई दिल्ली से डिब्रूूगढ़ जाने वाली 12424 नई दिल्ली-डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस गुरुवार शाम 6.20 बजे जलेसर रोड और पोरा रेलवे स्टेशनों के मध्य पहुंची ही थी कि तभी इंजन से एक सांड टकरा गया, जिससे इंजन का काऊगार्ड टूट गया और प्रेशर पाइप फट गया। चालक ने किसी तरह इंजन को ठीक करते हुए धीमी गति से जलेसर रोड रेलवे स्टेशन तक पहुंचाया। रेल चालक ने मुख्य नियंत्रण कक्ष टूंडला को पूरे मामले से अवगत कराया।
नियंत्रण कक्ष के निर्देश पर पीछे से आ रही अन्य राजधानियों को पिछले स्टेशनों पर रोकते हुए दूसरे इंजन की व्यवस्था कर ट्रेन को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। रेल इंजन का काऊगार्ड टूटने पर ट्रेन से उसे अलग नहीं किया जा सका। ऐसे में टूंडला से गैस कटर मंगाया गया। गैस कटर से काउगार्ड काटकर इंजन को ट्रेन से अलग किया। मालगाड़ी के इंजन को राजधानी एक्सप्रेस में लगाने के बाद ट्रेन को आगे बढ़ाया गया।
वहीं कानपुर रेलखंड पर सायं 6.55 बजे करीब नई दिल्ली से कानपुर जा रही शताब्दी एक्सप्रेस का इंजन शिकाहोबाद स्टेशन से पूर्व धूंआ देने लगा। चालक ने शिकोहाबाद स्टेशन पहुंचकर इंजन को बंद कर दिया और नियंत्रण कक्ष को घटना से अवगत कराया।
करीब एक घंटे बाद मालगाड़ी के इंजन की सहायता से ट्रेन को आगे बढ़ाया गया। इस दौरान नई दिल्ली-हावड़ा राजधानी, सियालदाह राजधानी, नई दिल्ली पटना राजधानी एक्सप्रेस, आगरा-टूंडला-इटावा पैसेंजर सहित कई ट्रेनें प्रभावित रहीं।