भोगांव(मैनपुरी)। आगरा में अचेतावस्था में रेल ट्रैक पर मिली युवती ने एक शिक्षक सहित तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। इसमें उसने शिक्षक पर शादी करने और नौकरी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती ने थाने में तहरीर दी है। तहरीर में कहा है कि दुर्गापुर के रहने वाले एक शिक्षक ने लगभग तीन साल पहले उसे रेलवे या बैंक में नौकरी दिलाने के नाम पर मिलना जुलना शुरू कर दिया था। आरोपी उसे वर्ष 2017 में रेलवे का टेस्ट दिलाने के लिए कानपुर ले गया था।
आरोपी ने उसे एक मोहल्ले में स्थित अपने कमरे में लाकर नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किय। जब उसने परिवार वालों को बताने की बात कही तो आरोपी ने उससे शादी कर लेने की बात कहते हुए परिणाम भुगतने की धमकी दी। कई बार कहने के बाद भी जब वह शादी करने को तैयार नहीं हुआ तो उसने अपने परिवार वालों को जानकारी दी। इस पर आरोपी ने उसे आगरा चलकर मार्कशीट लेने के लिए मैनपुरी रोड स्थित मंडी के पास बुलाया और उसे एक कार में अपने दो अज्ञात साथियों के साथ डालकर अपहरण कर ले गया।
जहां उसे तीन चार दिन तक एक बंद कमरे में रखने के बाद जान से मारने के लिए बेहोशी की हालत में आगरा में सिकंदरा के पास रेल ट्रैक पर फेंक दिया। कुछ लोगों ने उसे रेल ट्रैक पर पड़ा देखकर सिकंदरा ट्रैफिक पुलिस के हवाले कर दिया। जानकारी होने पर उसके भाई उसको आगरा से घर ले आए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। सीओ प्रयांक जैन का कहना है कि युवती द्वारा दी गई तहरीर के बाद मेडिकल कराया गया है। तहरीर पर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।