मैनपुरी। थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव वीरपुर कलां निवासी एक किसान ने धमकी मिलने के बाद गले में रस्सी का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। परिजनों के मुताबिक किसान को खेत बेचने के बाद रुपया नहीं मिला था, अब आरोपी खेत को खाली करने की धमकी दे गया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव वीरपुर कलां निवासी सुरेंद्र सिंह (45) ने कुछ दिनों पहले गांव नगला पोहपी निवासी एक व्यक्ति को दो बीघा खेत बेच दिया था। परिजनों के मुताबिक 28 नवंबर को खेत का बैनामा भी कर दिया गया था। मगर रुपया अभी तक नहीं दिया गया था। शनिवार की शाम सुरेंद्र अपने भाई अरविंद के साथ घर आ रहे थे, तभी बैनामा कराने वाले व्यक्ति ने उन्हें रोक कर खेत को तुरंत खाली करने की धमकी दी।
परिजनों के मुताबिक रुपये न मिलने और धमकी के बाद क्षुब्ध होकर सुरेंद्र ने रविवार की रात घर के कमरे में रस्सी का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। सोमवार की सुबह जब परिजन जगाने के लिए गए तो शव लटका देख चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।