मथुरा। मथुरा में फिर क्राइम बढ़ गया है। 12 घंटे में कार लूट, बैंक मैनेजर से नकदी लूट और बीच बाजार में दुकानों के ताले तोड़कर लाखों रुपये साफ कर दिए गए। लुटेरों और चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती दी है। राया में व्यापारी पुलिस के खिलाफ सड़कों पर उतर आए। धरना देकर लापरवाह पुलिस वालों को हटाने की मांग की गई।
थाना सदर बाजार के अशोक बिहार निवासी आदित्य कुमार गौतम पुत्र हरीशंकर जमुनापार की लक्ष्मीनगर ग्रामीण आर्या वृत्त बैंक में मैनेजर हैं। गुरुवार की सुबह बैंक मैनेजर बेटी की फीस जमा कराने हाथरस जा रहे थे। कृष्णापुरी तिराहे पर वाहन के इंतजार में खड़े थे इसी दौरान एक बोलेरो आकर रुकी और आदित्य कुमार उसमें सवार हो गए। बोलेरो में पहले से तीन युवक सवार थे। बोलेरो मथुरा-राया के शाहपुर कट पर पहुंची ही थी कि लुटेरों ने बैंक मैनेजर से तमंचे के बल पर 42 हजार की नकदी, एक सोने की अंगूठी और मोबाइल लूट लिया।
इसके बाद लुटेरे बैंक मैनेजर को फेंककर भाग खड़े हुए। मामला थाना जमुनापार और थाना सदर बाजार के मध्य सीमा विवाद का आया। खुद सीओ सदर राकेश कुमार ने पहुंचकर मामला थाना जमुनापार का माना और पीड़ित की तहरीर पर लूट का मुकदमा दर्ज कराया। सीओ सदर ने बताया कि लूट का जल्द खुलासा कर लिया जाएगा।
दूसरी घटना कोतवाली सुरीर की खायरा चौकी से चंद कदमों की दूरी पर हुई। खुर्जा निवासी शमशेद पुत्र आस मोहम्मद खुद की वैगनआर कार टैक्सी में चलाता है। खुर्जा से दो युवक सुरीर के लिए कार में सवार हो गए। बुधवार की रात कार खायरा चौकी पर पहुंची तो कार में बैठे युवकों ने लघुशंका के लिए कहा। शमशेद ने कार रोक ली।
इसी बीच दोनों युवकों ने शमशेद से मारपीट करते हुए मोबाइल छीन लिया। इसके बाद चालक को झाड़ियों में फेंककर कार लूट ले गए। कोतवाली प्रभारी संजीव चौधरी ने बताया कि लूट नहीं, बल्कि चोरी हुई है।
तीसरी घटना मथुरा-राया मार्ग पर नवीन उपमंडी स्थल पर हुई। यहां तीन दुकानों का ताला तोड़कर लाखों रुपये की हुई चोरी से गुस्साए व्यापारी सड़कों पर उतर आए। विरोध में धरने पर बैठे व्यापारियों ने मुकदमा दर्जकर खुलासेे की आवाज बुलंद की।
चोरों ने मथुरा-राया मार्ग पर नवीन उपमंडी में बुधवार की रात सुनील गर्ग की मनीष ट्रेडिंग कंपनी की दुकान से 3.58 लाख, अंबे ट्रेडिंग कंपनी की दुकान का ताला तोड़ कर 12 हजार रुपये और मथुरा निवासी विशाल गोयल की दुकान विशाल ट्रेडिंग कंपनी का एलईडी, इर्नवटर बैट्री आदि सामान चोरी कर लिया। सुबह पता लगने से भड़के व्यापारियों ने धरना शुरू कर दिया।
सूचना पर पहुंचे सीओ सदर राकेश कुमार और थाना जमुनापार प्रभारी प्रदीप कुमार ने पूरी जानकारी जुटाई और दुकानदारों को आश्वस्त किया, तब जाकर व्यापारी मान गए। धर्मवीर, राकेश चौधरी, नबाव सिंह, सतपाल सिंह, योगेश कुमार, नीरज, धर्मपाल आदि प्रमुख लोग उपस्थित रहे।