फिरोजाबाद। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर आए दिन होने वाले हादसों को रोकने के लिए यूपीडा की ओर से एडवांस ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम स्थापित किया जाएगा। इसके लागू होने के साथ ही वाहनों की स्पीड कम हो जाएगी। विभाग ने तेजी से काम शुरू कर दिया है। समूचे मार्ग पर कैमरे लगाए जाएंगे। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर लगातार हो रहे हादसों के पीछे वाहनों की तेज रफ्तार है। हादसों को रोकने के लिए यूपीडा के अफसरों ने चिंतन शुरू कर दिया है। यूपीडा ने समूचे मार्ग पर वाहनों की स्पीड थामने को एडवांस ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम स्थापित करने का फैसला लिया है। माना जा रहा है कि वाहनों की स्पीड कम होने से हादसों की संख्या घटेगी।
नगला खंगर क्षेत्र में एक्सप्रेस वे पर पेट्रोलिंग में तैनात दयावीर की सड़क हादसे में मौत के बाद जिला अस्पताल में यूपीडा के मुख्य सुरक्षा अधिकारी जयकुमार ने बताया कि हादसों को रोकने के लिए यूपीडा द्वारा नया सिस्टम लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सिस्टम के लगने के बाद रोड पर जगह-जगह कैमरे लगाने के साथ एनाउंसमेंट सिस्टम स्थापित किए जाएंगे। मानक से अधिक स्पीड होने पर वाहन चालक को एनाउंसमेंट के माध्यम से चेतावनी दी जाएगी। यदि चेतावनी देने के बाद रफ्तार कम नहीं हुई तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा 302 किलोमीट लंबाई वाले एक्सप्रेस वे पर तीन कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे। पहला कंट्रोल रूम 21 किलोमीटर पर, दूसरा 101 किमी पर और तीसरा कंट्रोल रूम 290 किलोमीटर पर स्थापित किया जाएगा। टेंडर होने के साथ इस सिस्टम पर काम प्रारंभ हो जाएगा।