मथुरा। सवा महीने पहले हरनौल मोड़ पर किसान से 50 हजार की हुई लूट का खुलासा सुरीर पुलिस ने कर दिया है। सुरीर पुलिस ने एक लुटेरे को पकड़ लिया है तो दो लुटेरे फरार हो गए। पुलिस ने लूटी गई रकम और हथियार बरामद किए हैं।
नौहझील के गांव अभयपुरा निवासी योगेश शर्मा पुत्र सुरेश चंद शर्मा से बाइक सवार तीन लुटेरों ने 11 अप्रैल को हरनौल मोड़ पर मारपीट करते हुए हथियार के बल पर 50 हजार रुपये लूट लिए थे। सुरीर पुलिस लुटेरों की तलाश में जुटी थी कि बुधवार की रात सफलता हाथ लग गई। पुलिस ने एक लुटेरे को तो दबोच लिया, पर दो लुटेरे पुलिस को गच्चा देकर भाग निकले।
सीओ मांट विजय शंकर मिश्रा ने बताया कि कोतवाली प्रभारी संजय कुमार शुक्ला ने लुटेरे सुरीर के नगला मौजी निवासी हेमंत चौहान उर्फ बंटी पुत्र बिजेंद्र सिंह को पकड़ा है। सुरीर के नगला हरिया निवासी अजय और संदीप फरार हैं। पकड़े गए लुटेरे के कब्जे से 7400 रुपये और एक तमंचा बरामद किया है। एसपी देहात आदित्य कुमार शुक्ला ने फरार लुटेरों को जल्द पकड़ने के निर्देश सुरीर पुलिस को दिए हैं।