आगरा। जिले की प्रारंभिक कृषि ऋण सहकारी समितियों के 72 सचिवों ने सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक को अपना इस्तीफा सौंपा। वह नियमित वेतन हेतु वित्तीय सहायता, सालों से बकाया वेतन की बहाली, कैडर सचिवों के खाली पदों पर समिति कर्मचारियों की वरिष्ठता के आधार पर नियुक्ति और धान, गेहूं खरीद पर कमीशन की मांग कर रहे हैं।
सोमवार को विकास भवन पर उप्र सहकारी समिति कर्मचारी संघ के बैनर तले समितियों के कर्मचारियों ने धरना प्रदर्शन किया। प्रांतीय अध्यक्ष मोहनलाल गौड़ ने बताया कि यह मांगें 2003 से चली आ रही हैं, लेकिन शासन-प्रशासन की अनदेखी के कारण इनका निराकरण नहीं हो पा रहा है।
कर्मचारियों का उत्पीड़न हो रहा है। जब तक सरकार इन मांगों को नहीं मानेगी, समितियां कार्य बहिष्कार करेंगी। सचिव भी अपना इस्तीफा वापस नहीं लेंगे। इस्तीफा देने वालों में प्रेम सिंह, राजेश कुमार, अनिल गुप्ता, नंद किशोर, दीपचंद, सोबरन सिंह, किशन लाल, राकेश बिहारी, निहाल सिंह, मुकेश कुमार, धर्मेंद्र प्रताप सिंह, अनिल कुमार तोमर, हेम सिंह आदि प्रमुख हैं।