एनडीए से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद के नामांकन में प्रस्तावक बनने का गौरव जिले के चार विधायकों को हासिल हुआ है। सदर, अलीगंज, जलेसर और मारहरा के विधायक दिल्ली में प्रस्तावक बनने के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर लौट आए हैं।
बिहार के राज्यपाल रामनाथ कोविंद को एनडीए ने राष्ट्रपति का उम्मीदवार घोषित किया है। इसमें सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड, अलीगंज विधायक सत्यपाल सिंह राठौर, जलेसर विधायक संजीव दिवाकर और मारहरा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी को राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद का प्रस्तावक बनने के लिए दिल्ली से फोन आया था। यूपी के प्रस्तावकों के दस्तावेज केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी के आवास पर तैयार कराए गए हैं। जिले के सभी विधायक दिल्ली जाकर प्रस्तावक संबंधी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करके लौट आए हैं। सभी विधायकों ने कहा प्रस्तावक बनकर गर्व महसूस हो रहा है। बता दे कि यूपी से 50 विधायक प्रस्ताव बनने के लिए बुलाए गए थे। चार सेट में बनने वाले नामांकन पत्र के लिए कुल 200 विधायक और सांसद पूरे देश से बुलाए गए हैं।