मैनपुरी। अब देहात के खिलाड़ियों को भी खेलो इंडिया योजना का लाभ मिल सकेगा। खेलो इंडिया के तहत पहले चरण में चार ब्लाकों में स्टेडियम बनाए जाएंगे। इनमें खिलाड़ियों के लिए आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। प्रतिभाओं को तराशने के लिए प्रशिक्षक तैनात किए जाएंगे। इन स्टेडियमों में ग्रामीण परिवेश से जुड़े खेलों को बढ़ावा दिए जाने की भी योजना है।
देहात क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे लाने और उनको तराशने के लिए केंद्र सरकार की योजना खेलो इंडिया के तहत पहले चरण में प्रदेश में 100 स्टेडियम बनाए जाएंगे। जिले के चार ब्लाकों में खेल स्टेडियम बनाने का निर्णय पहले चरण में ही लिया गया है। पहले चरण के लिए चयनित किए गए चार ब्लाकों में ग्राम सभाओं की पहल पर जमीन उपलब्ध कराई गई है।
जिला युवा एवं खेलकूद कार्यालय से जमीन की उपलब्धता के बाद प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है। शासन की स्वीकृति और स्टेडियम निर्माण के लिए धनराशि मिलने के बाद निर्माण काम शुरू कराया जाएगा। स्टेडियम निर्माण के लिए विभाग ने अभी से तैयारी भी शुरू कर दी है।
ग्रामसभाओं ने दे दी जमीन
मैनपुरी। योजना के तहत चयनित किए गए मैनपुरी ब्लाक के औडेंय पड़रिया, बेवर ब्लाक के बेवर देहात, सुल्तानगंज ब्लाक के सुन्नामई तथा किशनी ब्लाक के कटरा समान में स्टेडियम का निर्माण होगा। संबंधित ग्राम सभाओं ने स्टेडियम बनाने के लिए जगह दे दी है।
तीन करोड़ से बनेगा स्टेडियम
मैनपुरी। एक स्टेडियम के निर्माण के लिए पांच से छह एकड़ जमीन की जरुरत होती है। स्टेडियम का निर्माण कराने के लिए सरकार ने तीन करोड़ का बजट भी देने की बात कही है। शासन की मंजूरी के बाद काम शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।
वर्जन-
खेलो इंडिया योजना के तहत चार स्टेडियम बनाने के लिए जमीन मिलने के बाद शासन को प्रस्ताव भेज दिया गया है। देहात में स्टेडियम बनने से खेल प्रतिभाएं निकलकर आगे आ सकेंगी। शासन की मंजूरी तथा धनराशि मिलते ही चारों स्थानों पर स्टेडियम निर्माण शुरू करा दिया जाएगा।
अजय कुमार त्रिवेदी, जिला युवा एवं खेलकूद अधिकारी