फिरोजाबाद। थाना रसूलपुर के अंतर्गत गालिबनगर चौराहे पर लगे ट्रांसफार्मर में सोमवार सुबह अचानक आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई। क्षेत्रीय बाशिंदों ने लाइन को कटवाकर आग को बुझा लिया था।
थाना रसूलपुर क्षेत्र के मोहल्ला हाजीपुरा के गालिबनगर के चौराहे पर रखे ट्रांसफार्मर में सोमवार सुबह करीब सात बजे अचानक आग लग गई। अचानक ट्रांसफार्मर से आग की लपटें उठते देख हर कोई आश्चर्यचकित रह गया। क्षेत्रीय बाशिंदों ने तत्काल सूचना इलाका पुलिस को दी।
उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड टीम को आग लगने की सूचना दी। टीम के पहुंचने से पूर्व ही किसी ने बिजली विभाग के अफसरों को ट्रांसफार्मर में आग लगने की सूचना दे दी। बिजली की आपूर्ति को बंद कर दिया गया।
ट्रांसफार्मर में आ लग जाने के कारण हाजीपुरा एवं गालिबनगर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। क्षेत्रीय बाशिंदों को बिजली की किल्लत से जूझना पड़ रहा है। एफएसओ लाखन सिंह ने बताया कि ट्रांसफार्मर में आग लगने की सूचना पर टीम भेजी थी लेकिन आग बुझा ली गई थी।