मथुरा। रेलवे मुड़िया मेले के लिए डीईएमयू ट्रेन चलाने जा रहा है। मथुरा-अलवर और गोवर्धन तक इसका रूट रहेगा। सोमवार को पहुंचे रेलवे के अफसरों ने निरीक्षण करके रूट चेक किया।
चार जुलाई से नौ जुलाई तक मुड़िया पूर्णिमा मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले में बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। उत्तर प्रदेश के साथ ही आसपास के राज्यों से भी कृष्ण भक्त आते हैं। गोवर्धन में राजस्थान के अलवर, जयपुर, बांदीकुई, नगर, डीग, भरतपुर, आगरा, झांसी, ग्वालियर, अछनेरा, कासगंज, हाथरस और अलीगढ़ से बड़ी संख्या में लोग आते हैं।
श्रद्धालुओं के लिए रेलवे इस बार व्यापक इंतजाम कर रहा है। इसमें मथुरा- आगरा झांसी, मथुरा भरतपुर, मथुरा बयाना, व कासगंज अछनेरा रूट पर अतिरिक्त ट्रेन चलाएगा। सबसे ज्यादा मथुरा से गोवर्धन अलवर रूट पर श्रद्धालुओं का दबाव रहेगा।
इसे लेकर रेलवे जंक्शन के डायरेक्टर एनपी सिंह ने पथ संचालन, इलेक्ट्रिकल, सिगनल व अन्य रेलवे अधिकारियों के साथ मथुरा, भूतेश्वर, गोवर्धन, मोरा स्टेशन का निरीक्षण किया। इन स्टेशनों पर अतिरिक्त टिकट काउंटर खोलने, रात को रोशनी, पीने के पानी, छाया के इंतजाम करने, स्टेशन की इमारतों की पुताई व सफाई कराने व अन्य इंतजाम करने के निर्देश दिए।
डायरेक्टर ने बताया कि यात्रियों को ले जाने के लिए ईएमयू की तर्ज पर डीईएमयू ट्रेन चलाने को अधिकारियों को प्रस्ताव भेजा है। यात्री संख्या का आंकलन कर डीईएमयू ट्रेन चलाने को लेकर अधिकारियों को अवगत कराया है।