हत्या का घटनास्थल देखती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
भोगांव (मैनपुरी)। थाना क्षेत्र के बस स्टैंड चौराहा पर सरेशाम टेंपो चालक मुस्लिम युवक की दो युवकों ने चाकू से गला रेतकर क्रूरता पूर्वक हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गए। मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस ने उसे तत्काल जिला अस्पताल भेजा। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक युवक और आरोपियों के अलग-अलग संप्रदाय के होने और ईद का मौका होने के कारण क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव पैदा हो गया। सूचना मिलने पर जिलेभर का फोर्स मौके पर पहुंच गया। वहीं एएएसपी ओपी सिंह भी पहुंच गए। देर शाम तक पुलिस को इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली थी। वहीं पुलिस हत्यारों की तलाश कर रही थी।
थाना क्षेत्र के मोहल्ला मोहम्मद सईद निवासी इमरान (25) पुत्र सरफराज टेंपो चलाता था। वह सोमवार शाम को बस स्टैंड के समीप टेंपो में बैठा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीन युवक वहां आए और उसे सड़क पर डालकर पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद एक युवक ने उसकी गर्दन पर छुरे से ताबड़तोड़ प्रहार कर उसकी गर्दन काट दी। यह देख आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। वहीं आरोपी मौके पर हत्या में प्रयुक्त छुरा छोड़कर भाग गए।
स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। तो अधिकारियों में सरेशाम बीच सड़क पर क्रूरता पूर्वक हुई हत्या से हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों युवक को तत्काल जिला अस्पताल भेजा। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस को जब यह पता चला कि मरने वाला युवक और आरोपी अलग-अलग संप्रदाय के हैं तो उनके पसीने छूट गए। इसकी जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों को दी गई। इसके बाद मौके पर जिलेभर का फोर्स और स्वयं एएसपी ओपी सिंह भी पहुंच गए। उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण किया साथ ही कस्बा में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में फोर्स तैनात कर दिया।
वहीं स्थानीय लोगों के अनुसार इमरान का विवाद कुछ दिन पूर्व टेंपो स्टैंड पर पुलिस के लिए वसूली करने वाले ऊपर टीला निवासी एक युवक से हुआ था। इसकी शिकायत उसने पुलिस से भी की थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोपी युवक तभी से इमरान से रंजिश मानने लगा था। देर शाम तक इस संबंध में पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली थी। वहीं लोगों के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी थी।