वृंदावन (मथुरा)। गोवर्धन के रुद्र कुंड और ऋणमोचन कुंड का जीर्णोंद्धार करने के लिए द ब्रज फाउंडेशन को साल 2017-18 की भारत की सर्वश्रेष्ठ वाटर एनजीओ का यूनेस्को समर्थित अखिल भारतीय अवार्ड दिया गया है।
21 मार्च को नई दिल्ली में आयोजित हुए एक समारोह में ट्रॉफी देते हुए भारत सरकार के जल संसाधन राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने ब्रज फाउंडेशन के कार्यों की सराहना की। समारोह में संस्था के उपनिदेशक आर.के. गौतम, जेपी सारस्वत, मनुसख सिंह व हेमराज ने यह पुरस्कार प्राप्त किया।
संस्था के सीईओ विनीत नारायण ने बताया कि 15 वर्षों में जल संवर्धन व पौराणिक धरोहरों के संरक्षण के क्षेत्र में योगदान के लिए फाउंडेशन को पांच बार यूनेस्को समर्थित भारत की सर्वश्रेष्ठ वॉटर एनजीओ का अवार्ड मिल चुका है।
कुंडों के जीर्णोंद्धार कार्यक्रम के अंतर्गत द ब्रज फाउंडेशन ने ब्रज में अब तक लगभग 6 लाख क्यूबिक मीटर अतिरिक्त जल संवहरण क्षमता विकसित की है। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन कई लीला स्थलों के जीर्णोंद्धार का कार्य शुरू करने जा रही है।